परिवर्तन टुडे डेस्क
चंदौली। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद मे लगातार बिजली समस्याओं को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। यह पहल किसान नेता पिंटू पाल की सिफारिश पर जनपद के सकलडीहा मे की गयी, जिसका उद्देश्य क्षेत्र की बिजली संबंधी सभी शिकायतों का त्वरित समाधान करना था। गुरुवार को यह कैंप बिजली विभाग एक्सियन कार्यालय मे आयोजित हुआ पर समस्या का समाधान नहीं होने पर किसानों मे आक्रोश व्याप्त है।
किसान नेता पिंटू पाल ने कहा कि दिनभर चली इस कवायद के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई ठोस समाधान नहीं निकला जिससे किसानों, मजदूरों और व्यापारियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। बैठक में चंदौली के एक्सियन सकलडीहा एक्सियन संबंधित एसडीओ और सभी जेई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे, लेकिन इसके बावजूद समस्याएं जस की तस बनी रहीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पूरी कार्यवाही केवल औपचारिकता बनकर रह गई और वास्तविक समस्याओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान मौके पर उपस्थित रहे और अपनी समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया।
किसानों का आरोप है कि बिजली कटौती, लो वोल्टेज और खराब ट्रांसफार्मर जैसी समस्याएं लंबे समय से चली आ रही हैं, जिससे खेती और व्यापार दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
किसान नेता पिंटू पाल ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि बार-बार आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
इस मौके पर दीनानाथ श्रीवास्तव, मोहन यादव, शेषनाथ यादव, गुड्डू पासवान, गुड्डू शर्मा, अखिलेश यादव और मुन्ना सिंह सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।



