परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। विकास खंड के ईटवा स्थित कंपोजिट विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं हाईटेंशन विद्युत तारों के नीचे पढ़ाई करने को विवश हैं। विद्यालय परिसर के ऊपर से गुजर रही 1.32 लाख वोल्ट एवं 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइनें बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनी हुई हैं। इस संबंध में विद्यालय प्रशासन द्वारा कई बार विद्युत विभाग एवं उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। बरसात के मौसम में खतरा और अधिक बढ़ जाने से शिक्षक, अभिभावक एवं ग्रामीण लगातार चिंता में हैं।
विद्यालय परिसर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन
तहसील मुख्यालय के समीप स्थित ईटवा गांव में संचालित दो कंपोजिट विद्यालयों में कक्षा एक से पांच तथा कक्षा छह से आठ तक के छात्र अध्ययन करते हैं। कक्षा छह से आठ के विद्यालय के ऊपर से 1.32 लाख वोल्ट की हाईटेंशन लाइन तथा कक्षा एक से पांच के विद्यालय के मध्य से 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन गुजर रही है। ऐसे में विद्यालय में पढ़ने वाले सैकड़ों बच्चों के साथ-साथ शिक्षकों की सुरक्षा भी हर समय दांव पर लगी रहती है।
पहले भी हो चुके हैं दर्दनाक हादसे
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ समय पूर्व विद्यालय के समीप एक शादी समारोह के दौरान टेंट लगाने के लिए बांस-बल्ली खड़ी की जा रही थी। इसी दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया था। वहीं विद्यालय से कुछ दूरी पर स्थित एक चिकित्सक के मकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर करीब चार वर्ष पूर्व एक युवक की जन्मदिन की सुबह ही दर्दनाक मौत हो गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बावजूद अब तक संबंधित विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय परिसर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को तत्काल हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग से इस गंभीर समस्या का शीघ्र स्थायी समाधान कराने की मांग की है।



