परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। कोतवाली पुलिस ने अवैध धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि ग्राम इटवा में आयोजित एक प्रार्थना सभा के दौरान लोगों को कथित रूप से प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। मामले में उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2024 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गुरुवार को थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद अपनी टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम इटवा स्थित एक मकान में कुछ लोग आसपास के ग्रामीणों को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, मकान के एक बड़े कमरे में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष मौजूद थे। वहां कुछ लोग माइक के माध्यम से ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार कर रहे थे, जबकि अन्य लोगों द्वारा धार्मिक पुस्तकें एवं प्रचार सामग्री वितरित की जा रही थी। पुलिस ने मौके से छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि वे सामूहिक प्रार्थना सभा आयोजित कर लोगों को ईसाई धर्म के प्रचार-प्रसार के साथ धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करते थे। इस दौरान धार्मिक पुस्तकें एवं प्रचार सामग्री वितरित कर विभिन्न प्रकार के प्रलोभन एवं धार्मिक विश्वासों के आधार पर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए तैयार करने का प्रयास किया जाता था।
पुलिस ने इस मामले में धीरज सिंह निवासी गौरहट, थाना खानपुर (गाजीपुर), राजेश मौर्य एवं कमलेश कुमार निवासी इटवा (सकलडीहा), गुड्डू निवासी नेवादा (चितईपुर, वाराणसी), दिनेश कुमार पटेल निवासी पहड़िया गनपत नगर (सारनाथ, वाराणसी) तथा अजीत कुमार निवासी नेगुरा (धानापुर, चंदौली) को गिरफ्तार किया है।
मामले में थाना सकलडीहा पर मुकदमा संख्या 145/2026, धारा 3/5(1) उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम (संशोधित 2024) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने सात बाइबिल, 200 धार्मिक पंपलेट, 50 धार्मिक पुस्तिकाएं, एक होम थिएटर, दो माइक, एक मारुति सुजुकी जेन कार (UP65AH9024) तथा दो मोटरसाइकिलें (UP63BA5546 एवं UP67AJ0919) बरामद करने का दावा किया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक वरुणेन्द्र कुमार राय, कांस्टेबल रोहित कुमार गौड़, कांस्टेबल दिलीप कुमार तथा महिला कांस्टेबल श्वेता साहनी शामिल रहीं।



