मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, सकलडीहा में वर्चुअल प्रसारण के दौरान शिक्षकों को सौंपे गए प्रतीकात्मक कार्ड
परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली
सकलडीहा। बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों एवं कर्मचारियों के लिए बुधवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत अब पात्र लाभार्थियों और उनके परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। सकलडीहा तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में योजना का वर्चुअल शुभारंभ किया गया तथा लाभार्थियों को प्रतीकात्मक प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। योजना लागू होने से शिक्षकों में खुशी का माहौल देखने को मिला और उन्होंने प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

बुधवार को तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के वाराणसी से हुए लाइव संबोधन का प्रसारण किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर के बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों तथा शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा की शुरुआत की। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से धनराशि भी हस्तांतरित की गई।
सकलडीहा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान करीब 60 शिक्षकों सहित शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों एवं अन्य कर्मचारियों को योजना के प्रतीकात्मक प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। वक्ताओं ने कहा कि यह योजना शिक्षा परिवार को आर्थिक सुरक्षा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे गंभीर बीमारी की स्थिति में इलाज का खर्च बड़ी चिंता नहीं रहेगा।
इस अवसर पर एसडीएम कुंदर राजकपूर, खंड शिक्षाधिकारी धानापुर अवधेश नारायण सिंह, खंड शिक्षाधिकारी चहनियां सुरेंद्र प्रताप सहाय, शिक्षक नवीन सिंह, शिक्षिका प्रियंका सिंह, प्रधानाध्यापक हिमांशु पांडेय, संजय सिंह, चंद्रधर दीक्षित, अरविंद उपाध्याय, गुंजा शर्मा, बबलू प्रसाद, हरिओम तिवारी, सतीश गुप्ता, जसवंत, रामकरन, जयप्रकाश, विजय बहादुर, इम्तियाज, अंजुम परवेज अंसारी सहित सैकड़ों शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।



