नौरंगाबाद के पास कार से उतरते समय हुआ हादसा, पैर फ्रैक्चर होने पर रेफर
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
Story By- नीरज अग्रहरि
कमालपुर। कमालपुर – सकलडीहा मार्ग पर रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में लखनऊ सचिवालय में कार्यरत समीक्षा अधिकारी मुहम्मद शाहिद जमाल गंभीर रूप से घायल हो गए। नौरंगाबाद गांव के समीप कार से उतरते समय तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनका दाहिना पैर फ्रैक्चर हो गया और वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, कमालपुर निवासी 40 वर्षीय मुहम्मद शाहिद जमाल किसी आवश्यक कार्य से अपनी कार से सकलडीहा जा रहे थे। नौरंगाबाद के पास वाहन से उतरते ही तेज गति से आ रहे एक बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद राहगीरों ने बाइक सवार का पीछा किया, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा। ग्रामीणों ने तत्काल घायल अधिकारी को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उनके परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए कमालपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां प्राथमिक इलाज के दौरान चिकित्सकों ने दाहिने पैर में फ्रैक्चर और गंभीर चोटों की पुष्टि करते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में क्षेत्र के लोगों, शुभचिंतकों और परिचितों की भीड़ जुट गई। वहीं, हादसे के बाद फरार बाइक सवार की तलाश की जा रही है।



