अंतिम दिन श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब, बाबा के जयकारों से गुंजायमान हुआ अघोरेश्वर धाम

परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली। घोरों के घोर अघोराचार्य बाबा कीनाराम की जन्मस्थली एवं तपस्थली रामगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय जन्मोत्सव समारोह का शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में भव्य समापन हुआ। अंतिम दिन बाबा कीनाराम धाम में श्रद्धालुओं का अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा। चारों ओर बाबा कीनाराम के जयकारे और हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन एवं स्वयंसेवकों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

दर्शन के लिए लगी लंबी कतार, जयकारों से बढ़ता रहा उत्साह
बाबा कीनाराम के जन्मोत्सव के तीनों दिनों में दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, चार पहिया एवं दो पहिया वाहनों तथा पैदल रामगढ़ धाम पहुंचे। इनमें पुरुषों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की बड़ी संख्या रही। शनिवार को जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। बाबा के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं।
श्रद्धालु कतारबद्ध होकर बाबा कीनाराम का दर्शन करते रहे और प्रसाद ग्रहण करने के बाद अपने गंतव्य की ओर रवाना होते रहे। इस दौरान बाबा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। स्वयंसेवकों और पुलिसकर्मियों ने भीड़ को व्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मेले में झूलों, चरखियों और खान-पान की दुकानों पर रही रौनक
जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने जमकर आनंद उठाया। बच्चों ने झूलों और चरखियों का लुत्फ लिया। वहीं, चाट-पकौड़े, जलेबी, मिठाइयों, चाय तथा विभिन्न प्रकार के खिलौनों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ लगी रही।
मेले में सजी विभिन्न दुकानों से श्रद्धालुओं ने अपनी पसंद के सामानों की खरीदारी की। बच्चों में खिलौनों को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। बाबा के दर्शन के साथ ही श्रद्धालुओं ने मेले का भी आनंद लिया।
विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
जन्मोत्सव के अंतिम दिन शनिवार की भोर में पूजा-पाठ, आरती, रामायण गान और मंगलाचरण सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंगला पाठक, महानंद त्रिपाठी और दीपक यादव ने धार्मिक प्रस्तुतियां दीं।

इसके अलावा लोकनाथ महाविद्यालय के विद्यार्थियों तथा अमर ज्योति सेवा केंद्र, खड़ेहरा के दृष्टिबाधित बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं की खूब सराहना बटोरी। संजय तिवारी एवं उनके सहयोगियों तथा हुनर मंच संस्था की ओर से भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
‘मेरे राम जी आएंगे’ कार्यक्रम में अरुण सिंह, उमेश राठौर, अभय पवार, प्रद्युम्न यादव और शैलाबाला मिश्रा ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। संगोष्ठी में गया सिंह, सी.एन. ओझा, आनंद सिंह और गंगेश पांडेय ने अपने विचार रखे।

अन्नपूर्णा भवन में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
तीन दिवसीय जन्मोत्सव के दौरान दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं, साधु-संतों और अन्य आगंतुकों के लिए अन्नपूर्णा भवन में भोजन एवं प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई थी। विशाल पंडाल में एक साथ लगभग दो हजार श्रद्धालुओं के बैठकर भोजन ग्रहण करने की व्यवस्था रही।
कार्यकर्ता और स्वयंसेवक पूरे तीन दिनों तक दिन-रात सेवा में जुटे रहे। श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से भोजन एवं प्रसाद उपलब्ध कराने में आयोजन समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
बिरहा मुकाबले में गूंजती रहीं तालियां, झूम उठे दर्शक
बाबा कीनाराम जन्मोत्सव समारोह की अंतिम रात्रि आयोजित बिरहा मुकाबले में लोकगीत गायक विजय लाल यादव और रुचि यादव ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। दोनों कलाकारों के बीच गीतों की जोरदार जुगलबंदी का दर्शकों ने खूब आनंद उठाया। जैसे-जैसे मुकाबला आगे बढ़ा, पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। दर्शकों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए जमकर तालियां बजाईं और उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की।

बाबा के बताए मार्ग पर चलने का किया आह्वान
जन्मोत्सव के अंतिम दिन मठाधीश्वर अघोरेश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम राम ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि बाबा कीनाराम का आशीर्वाद समस्त जनमानस पर सदैव बना हुआ है और आगे भी बना रहेगा। बाबा कीनाराम ने अपना पूरा जीवन दूसरों की भलाई और जनकल्याण के लिए समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि बाबा कीनाराम ने मानव धर्म का पालन करते हुए सदैव सेवा का मार्ग अपनाया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और पेड़ों की रक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया। बाबा ने अपने जीवन में कभी किसी को कष्ट नहीं दिया। इसलिए सभी श्रद्धालुओं को उनके जीवन चरित्र का मनन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए। यही मानव कल्याण का सच्चा मार्ग है।
आयोजन को सफल बनाने वालों का जताया आभार
केंद्र व्यवस्थापक मेजर अशोक सिंह ने कहा कि बाबा कीनाराम का जन्मोत्सव क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद और सहयोग का प्रतीक है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इसी प्रकार निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रत्येक वर्ष जन्मोत्सव को सफल बनाने में सहयोग करते रहें।
कार्यक्रम के दौरान हर-हर महादेव, बाबा कीनाराम की जय और अघोरेश्वर संत बाबा सिद्धार्थ गौतम राम के जयकारों से पूरा जन्मस्थली एवं तपस्थली क्षेत्र गूंज उठा।
समारोह में मेजर अशोक सिंह, अरुण सिंह, प्रभुनारायण सिंह उर्फ लल्ला सिंह, इंद्रेश कुमार, रूबी सिंह, धनंजय सिंह उर्फ धन जी, कुलदीप वर्मा, मिथिलेश सिंह, संतोष पटेल, अनिल पांडेय, बुज्जा पांडेय, दिनेश सोनकर, सुनील विश्वकर्मा, अशोक मौर्य, नंदू गुप्ता, संदीप पाटिल सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र पांडेय और धनंजय सिंह ने संयुक्त रूप से किया।




