थाना दिवस में पुलिस अधीक्षक के नाम सौंपा पत्रक, आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग
परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली
धानापुर। सोशल मीडिया पर सनातन धर्म एवं ब्राह्मण समाज के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर भगवान परशुराम सेवा समिति ने कड़ा आक्रोश जताया है। शनिवार को थाना दिवस के अवसर पर समिति के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी को पुलिस अधीक्षक के नाम संबोधित पत्रक सौंपकर मामले की जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
आपत्तिजनक टिप्पणियों पर जताई नाराजगी
समिति के कोषाध्यक्ष अनूप तिवारी ने कहा कि सनातन धर्म और ब्राह्मण समाज के प्रति अपमानजनक टिप्पणी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर इस प्रकार की गतिविधियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऐसे में पुलिस प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
तकनीकी जांच के लिए मांगा आईपी एड्रेस
समिति के पदाधिकारियों की शिकायत पर थाना प्रभारी ने आश्वस्त किया कि यदि जांच के दौरान किसी व्यक्ति की संलिप्तता आपत्तिजनक गतिविधियों में पाई जाती है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट अथवा खाते का आईपी एड्रेस उपलब्ध कराने को कहा, ताकि तकनीकी जांच के माध्यम से संबंधित व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया जा सके।
दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग
समिति ने पुलिस प्रशासन से सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान विभूति नारायण तिवारी, आशु तिवारी, मुकेश दूबे, संजय पाण्डेय सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।




