32 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 21 सहायिकाओं की होगी भर्ती, मेरिट के आधार पर होगा चयन
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। सकलडीहा विकास खंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा कुल 53 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इच्छुक एवं पात्र महिला अभ्यर्थी 25 जुलाई तक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार 32 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा 21 सहायिकाओं के पदों पर नियुक्ति की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों का चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पदों के लिए वरंगा (2), फेसुडा (3), तेनुवट (2), सहरोई (2) सहित केशवपुर, दिवाकरपुर, नागनपुर, पीथापुर, ताजपुर, मनिहरा, पदुमनाथपुर, सरेहुआ खुर्द, अमरा, डेढ़गांवा, कंदवा, बड़सरा, टड़िया, रेवसा, कंहारी, नोनार, डैना, बढ़वलडीह, सरायपकवान, फगुईया, जमुनीपुर (2), कोडरिया, सलेमपुर, बढ़वलरेवसा, पौरा एवं धनऊर ग्राम पंचायतों में रिक्तियां घोषित की गई हैं।
वहीं सहायिका के पदों पर राउतपुर, फुल्ली, मनिहरा, पदुमनाथपुर, नागेपुर, पौरा, चंदौली खुर्द, नसीरपुर, बर्थरा कला, सकलडीहा, धरहरा, सरेहुआ खुर्द, बलारपुर, रेवसा, फुरसंड मोहनपुर, जलालपुर, अमावल, डेढ़गांवा, तेनुवट, सरेसर तथा धनऊर ग्राम पंचायतों में नियुक्तियां की जाएंगी।
सीडीपीओ विमलेश पाल ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं मेरिट आधारित होगी। उन्होंने कहा कि आवेदन से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी बाल विकास परियोजना कार्यालय, सकलडीहा से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने सभी पात्र महिला अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि 25 जुलाई से पहले ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।



