परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को डैडीज इंटरनेशनल स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय की ओर से 14 जरूरतमंद बालिकाओं को साइकिलें वितरित की गईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी राजीव मोहन सक्सेना ने श्री बंशीधर तिवारी के साथ दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। साइकिलें पाकर बालिकाओं के चेहरे खिल उठे।

शिक्षा से ही तय होता है फर्श से अर्श तक का सफर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना ने कहा कि शिक्षा वह सबसे बड़ा अस्त्र है, जिसके माध्यम से व्यक्ति जीवन में ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है। बच्चों को शिक्षा को आगे बढ़ने का सबसे बड़ा हथियार समझना चाहिए और पूरी लगन एवं मेहनत से पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि फर्श से अर्श तक का सफर शिक्षा ही तय करवाती है। इसलिए प्रत्येक बच्चे को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए।
सामाजिक उत्थान के लिए विद्यालय की अनूठी पहल
विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने कहा कि डैडीज इंटरनेशनल स्कूल शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्थान के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि साइकिल प्राप्त करने वाली बालिकाओं में किसी के पिता मजदूरी करते हैं तो किसी के पिता खेती-किसानी से परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे परिवारों की बेटियों को आगे बढ़ने का अवसर देना विद्यालय की सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षित करने के साथ उनमें समानता, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी आवश्यक है, ताकि वे समाज में सभी को बराबरी का अधिकार दिलाने में अपनी भूमिका निभा सकें।
पिछले वर्ष दिव्यांगजनों को बांटी गई थीं ट्राइसाइकिलें
डॉ. तिवारी ने बताया कि विद्यालय की ओर से पिछले वर्ष बाल दिवस पर 14 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिलें वितरित की गई थीं। इसके अतिरिक्त प्रत्येक महीने अयोध्या धाम के दर्शन के लिए निःशुल्क बस यात्रा की व्यवस्था भी कराई जाती है। विद्यालय का उद्देश्य शिक्षा के साथ सामाजिक सेवा के कार्यों को भी निरंतर आगे बढ़ाना है।
बच्चों ने शिक्षकों के साथ काटा केक
बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने शिक्षकों के साथ मिलकर केक काटा और उत्साहपूर्वक पर्व मनाया। इस दौरान बच्चों को मिठाई, केक, चॉकलेट, पेंसिल और कलम वितरित की गईं। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा।
कार्यक्रम में मुगलसराय मीडिया कॉम के संचालक सत्य प्रकाश तिवारी, हास्य कवि रोहित पांडेय, विनय पांडेय, अश्वनी चौबे, राहुल पांडेय और मनीष पांडेय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





