परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली
सकलडीहा। चार दिवसीय डाला महाछठ पर्व के दूसरे दिन शनिवार को क्षेत्र में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कस्बा सहित आसपास के गांवों की हजारों व्रती महिलाओं ने सकलडीहा, टिमिलपुर, ईटवा, बलारपुर स्थित काली माता मंदिर परिसर और चतुर्भुजपुर सहित विभिन्न सरोवरों पर विधि-विधान से बेदी पूजन किया। इसके बाद अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की।
पांच दर्जन से अधिक सरोवरों पर रही निगरानी
डाला छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुबह से ही तहसील प्रशासन और कोतवाली पुलिस सक्रिय रही। अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र के पांच दर्जन से अधिक सरोवरों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित कराए गए। देर शाम जैसे ही व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भीड़ घाटों पर पहुंची, पूरा क्षेत्र छठी मइया के गीतों और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
सड़क से घाट तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने राजमार्ग के किनारे लगी फल, गन्ने और अन्य दुकानों को सड़क से हटवाकर किनारे कराया, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह, क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा सहित कोतवाली पुलिस विभिन्न स्थानों पर मुस्तैद रही।
उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह और क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि डाला छठ महापर्व को देखते हुए सरोवरों से लेकर सड़कों तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस दौरान नायब तहसीलदार दिनेश चंद्र शुक्ल, कोतवाल भूपेंद्र निषाद, कस्बा प्रभारी राजेंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी विजय सिंह, सहायक विकास अधिकारी पंचायत बजरंगी पांडेय, ग्राम पंचायत सचिव पवन दुबे, संदीप गौतम सहित विभिन्न ग्राम प्रधान एवं संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।





