कार्यभार ग्रहण करते ही बोलीं— फरियादियों को त्वरित न्याय और लंबित राजस्व वादों का समयबद्ध निस्तारण होगी सर्वोच्च प्राथमिकता
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। सकलडीहा तहसील के प्रशासनिक इतिहास में गुरुवार का दिन एक नई उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया। वर्ष 2020 बैच की पीसीएस अधिकारी आकांक्षा सिंह ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। वह सकलडीहा तहसील की पहली महिला उपजिलाधिकारी हैं। उनके आगमन से तहसील प्रशासन में एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितकारी प्रशासन देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा और पात्र व्यक्तियों को त्वरित न्याय दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
पुराने राजस्व वादों के निस्तारण पर रहेगा विशेष फोकस
आकांक्षा सिंह ने कहा कि तहसील आने वाले लोगों को एक ही समस्या के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए लंबित राजस्व वादों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा। पुराने मामलों के समाधान के लिए विशेष टीम गठित कर अभियान चलाया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार मौके पर पहुंचकर विवादों का निपटारा कराया जाएगा।
स्थानांतरण के बाद मिली सकलडीहा की जिम्मेदारी
स्थानांतरण के बाद मिली सकलडीहा की जिम्मेदारी
हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा बड़े पैमाने पर पीसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए थे। इसी क्रम में सकलडीहा के तत्कालीन उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर का स्थानांतरण वाराणसी कर दिया गया। वहीं प्रयागराज में तैनात आकांक्षा सिंह का तबादला चंदौली किया गया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर उन्हें सकलडीहा तहसील में उपजिलाधिकारी के रूप में तैनात किया गया।
जौनपुर की रहने वाली हैं 2020 बैच की पीसीएस अधिकारी
आकांक्षा सिंह मूल रूप से जनपद जौनपुर की निवासी हैं। उन्होंने चित्रकूट में प्रशासनिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद एक वर्ष तक वाराणसी तथा लगभग ढाई वर्ष तक प्रयागराज जनपद की कुराव, करछना और हंडिया तहसीलों में विभिन्न प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनके प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए उन्हें सकलडीहा जैसी महत्वपूर्ण तहसील की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पदभार ग्रहण करने के बाद किया तहसील का निरीक्षण
कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने तहसील परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता, समयबद्धता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर तहसीलदार अनुराग सिंह, नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद एवं दिनेश चंद्र शुक्ला, राजस्व निरीक्षक अखिलेश मिश्रा, सुनील मिश्रा, लेखपाल आलोक पांडेय, अरुण अवस्थी, राकेश सिंह, विनय सिंह सहित तहसील के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



