किसान दिवस में समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश, माइनर की सफाई और अतिक्रमण पर कार्रवाई के आदेश
परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों ने सिंचाई, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, जलनिकासी और नहरों की साफ-सफाई से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उठाईं। किसानों की समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई और स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
माइनर की सफाई तत्काल कराने के निर्देश
बैठक में किसानों ने कटशीला से जमुनीपुर माइनर की लंबे समय से साफ-सफाई न होने की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। किसानों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को माइनर की तत्काल सफाई कराने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी दौरान बंधी प्रभाग के सहायक अभियंता द्वारा अपनी जिम्मेदारी के अनुरूप कार्रवाई नहीं किए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सहायक अभियंता को फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि किसान समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने को विवश न हों। संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
बिजली, जलनिकासी और नहरों की समस्याएं भी उठीं
किसान दिवस में किसानों ने विद्युत आपूर्ति में व्यवधान और कम वोल्टेज की समस्या प्रमुखता से उठाई। इसके अलावा जल निगम से संबंधित पेयजल समस्या, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नालों की समुचित सफाई तथा पुरानी नहरों के जीर्णोद्धार से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी समस्याओं का स्थलीय परीक्षण कर ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। किसानों को सिंचाई, विद्युत और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
गढ़ई पर अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
मरुई गांव में गढ़ई के कुछ हिस्से को पाटकर किए गए अवैध कब्जे का मामला भी किसान दिवस में सामने आया। जिलाधिकारी को बताया गया कि प्रकरण में कुछ लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई है। इस पर जिलाधिकारी ने कब्जे में संलिप्त सभी लोगों के विरुद्ध जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सार्वजनिक भूमि और जलस्रोतों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारी ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों को केवल बैठक तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका निर्धारित समयसीमा में निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता चंद्र प्रभा सहित विद्युत, सिंचाई और कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


