परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। जनपद कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक विजय बहादुर सिंह (55) का बुधवार सुबह निधन हो गया। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी की अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पाकर परिजन भी चंदौली पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। चंदौली पुलिस ने ससम्मान श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी।

सुबह बैरक में नहीं उठे उपनिरीक्षक
जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक विजय बहादुर सिंह मंगलवार को ड्यूटी समाप्त करने के बाद भोजन कर रात में बैरक में सोने चले गए थे। बुधवार सुबह काफी देर तक उनके नहीं उठने पर साथियों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसकी सूचना तत्काल अधिकारियों को दी गई। पुलिसकर्मी उन्हें आनन-फानन में जिला चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सिपाही से शुरू किया था सफर, बने उपनिरीक्षक
विजय बहादुर सिंह मूल रूप से आजमगढ़ जनपद के देवगांव थाना क्षेत्र के उपेंदा गांव के निवासी थे। उन्होंने पुलिस विभाग में सिपाही के पद से अपनी सेवा शुरू की थी। बाद में पदोन्नति पाकर उपनिरीक्षक बने। बताया गया कि सेवानिवृत्ति में करीब चार वर्ष शेष रहते ही उनका निधन हो गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
प्रथम दृष्टया नींद में हृदय गति रुकने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
इस संबंध में सदर कोतवाल बिंदेश्वरी पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है। उन्होंने कहा कि विजय बहादुर सिंह अच्छे स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके निधन से पुलिस विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं।


