मिशन शक्ति 6.0 के तहत ऑनलाइन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। पीजी कॉलेज में मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की दोनों इकाइयों एवं मिशन शक्ति प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में आयोजित इस ऑनलाइन कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा सामाजिक माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना था।

डिजिटल दुनिया में सतर्कता जरूरी
उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से आयोजित मिशन शक्ति 6.0 : साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ डॉ. रक्षित टंडन ने विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्कता बरतने, साइबर अपराधों की पहचान करने तथा व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने के महत्व पर प्रकाश डाला।
प्राचार्य ने सावधानी बरतने की दी सीख
कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय ने किया। उन्होंने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों और उनके विभिन्न स्वरूपों के उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को सचेत रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सावधानी बरतना आवश्यक है। किसी भी अनजान व्यक्ति, संदेश अथवा संदिग्ध संपर्क पर आंख मूंदकर विश्वास नहीं करना चाहिए।
उपनिरीक्षक ने बताए बचाव के तरीके
इस अवसर पर स्थानीय थाने के उपनिरीक्षक लक्ष्मीकांत मिश्र ने साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने, अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी गोपनीय रखने और इंटरनेट तथा सामाजिक माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के उपाय बताए। उन्होंने साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के मामले में सतर्कता बरतने पर जोर दिया।
शिक्षकों और विद्यार्थियों की रही सहभागिता
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एवं सहायक आचार्य डॉ. श्याम लाल सिंह यादव ने किया। इसमें राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के छात्र-छात्राओं के साथ महाविद्यालय के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।
इस अवसर पर प्रो. दयाशंकर सिंह यादव, डॉ. संदीप सिंह, यज्ञनाथ पांडेय और डॉ. अनामिका सिंह सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. वंदना कुमारी ने अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन गतिविधियों में सावधानी तथा सुरक्षित डिजिटल वातावरण के निर्माण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।








