दो दिवसीय प्रशिक्षण में अधिकारियों व कर्मचारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में 17 एवं 18 सितंबर को आयोजित जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की समीक्षा बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसंख्या गणना की तैयारियों, कार्यप्रणाली तथा निर्धारित मानकों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
बैठक में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत होने वाली जनसंख्या की गणना की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण कार्य है। इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों, तकनीकी सहायकों एवं गणना सहायकों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित करें।
प्रशिक्षण में सीखी बारीकियों को धरातल पर उतारने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर द्वितीय चरण से संबंधित सभी मानकों एवं प्रारूपों को पूरा किया जाए। प्रशिक्षण के दौरान दी गई जानकारी और कार्यप्रणाली को क्षेत्र में प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि गणना के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी अथवा व्यावहारिक कठिनाई उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा गणना कार्य की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के दौरान जिला प्रभारी द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना के निर्धारित मानकों, तकनीकी अनुप्रयोगों तथा प्रतिवेदन प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही जनसंख्या गणना के दौरान आंकड़ों के संकलन एवं अभिलेखीकरण में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, समस्त चार्ज अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला स्तरीय एवं चार्ज स्तरीय अधिकारी तथा तकनीकी और जनगणना सहायक उपस्थित रहे।


