कैशलेस उपचार की सुविधा मिलने पर अधिवक्ताओं ने जताया हर्ष, मंत्री को सौंपा मांगपत्र
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। शासन की ओर से अधिवक्ताओं को मुख्यमंत्री द्वारा कैशलेस उपचार की सुविधा दिए जाने की घोषणा पर अधिवक्ताओं में हर्ष है। शनिवार को वरिष्ठ अधिवक्ता अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर से मुलाकात कर शासन की इस पहल की सराहना की। इस दौरान सकलडीहा तहसील परिसर में पुस्तकालययुक्त अधिवक्ता भवन के निर्माण सहित अधिवक्ताओं की अन्य मांगों को लेकर मंत्री को मांगपत्र सौंपा गया।
अधिवक्ता भवन निर्माण को लेकर लंबे समय से प्रयास
डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन की ओर से सकलडीहा तहसील में पुस्तकालययुक्त अधिवक्ता भवन के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। अधिवक्ताओं का कहना है कि पुस्तकालययुक्त भवन बनने से अधिवक्ताओं को विधिक पुस्तकों एवं आवश्यक अभिलेखों के अध्ययन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। मांगपत्र प्राप्त करते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने अधिवक्ताओं को शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।
अधिवक्ता हित में सहयोग का दिया भरोसा
डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में भी मंत्री अनिल राजभर ने अधिवक्ता हित में कई सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। इसी क्रम में उनके प्रयास से तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के लिए वाटर कूलर की व्यवस्था कराई गई है। इसके साथ ही अन्य मांगों को पूरा कराने का भी भरोसा दिया गया था।
शनिवार को वरिष्ठ अधिवक्ता अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जनार्दन मिश्र, महामंत्री आशुतोष मिश्रा ‘आंशु’ सहित अन्य अधिवक्ताओं ने कैशलेस उपचार की सुविधा की घोषणा पर मंत्री को बधाई दी। इसके बाद पुस्तकालययुक्त अधिवक्ता भवन के निर्माण को लेकर मांगपत्र सौंपा गया। मंत्री ने अधिवक्ताओं को उनके हितों से जुड़ी मांगों पर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता विजय प्रताप सिंह, आशुतोष सिंह, विपिन सिंह, उपेंद्र नारायण सिंह, रतेंद्र राजभर, मिश्री, रामप्यारे राजभर सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।


