फायर स्टेशन परिसर में आयोजित होगी मॉक ड्रिल, आग बुझाने से लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने तक का होगा अभ्यास
परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। प्रदेश के सभी 75 जनपदों के साथ ही चंदौली जनपद के पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर में आगामी 22 नवंबर को सायं छह बजे नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से हवाई हमले एवं अंधकार से बचाव संबंधी मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसका आयोजन फायर स्टेशन परिसर में होगा। इस अभ्यास के माध्यम से आम नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्क रहने, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने तथा बचाव के आवश्यक उपायों की जानकारी दी जाएगी।

कई विभागों के संयुक्त समन्वय से होगा आयोजन
यह अभ्यास नागरिक सुरक्षा विभाग, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राज्य आपदा मोचन बल, अग्निशमन विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के संयुक्त समन्वय से संपन्न कराया जाएगा। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन करेंगे।
सायरन बजते ही होगा अंधकार, सुरक्षित स्थानों पर लेंगे शरण
मॉक ड्रिल के दौरान सबसे पहले दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में चेतावनी सायरन बजाया जाएगा। सायरन बजते ही निर्धारित क्षेत्रों एवं स्थलों की विद्युत आपूर्ति बंद कर अंधकार की स्थिति उत्पन्न की जाएगी। इस दौरान नागरिकों को अपने निकटवर्ती सुरक्षित स्थानों एवं आश्रय स्थलों में शरण लेनी होगी। खतरा समाप्त होने के बाद दो मिनट तक लगातार ऊंची आवाज में सुरक्षित होने का संकेत देने वाला ‘ऑल क्लियर’ सायरन बजाया जाएगा।
आग बुझाने और घायलों को प्राथमिक उपचार देने का होगा अभ्यास
चेतावनी समाप्त होने के बाद नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा अग्निशमन यंत्रों की सहायता से छोटी आग बुझाने का अभ्यास किया जाएगा, जबकि बड़ी आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग के वाहन का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही हमले के दौरान घायल हुए लोगों को नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा प्राथमिक उपचार देने का प्रदर्शन किया जाएगा।
क्षतिग्रस्त भवनों से लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाएंगे
अभ्यास के दौरान ध्वस्त एवं क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की जाएगी। गंभीर रूप से घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास होगा। सभी निर्धारित गतिविधियां पूरी होने के बाद मॉक ड्रिल समाप्त होने की घोषणा की जाएगी।
इस आयोजन का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को जागरूक करना, बचाव दलों के बीच समन्वय स्थापित करना तथा किसी भी संभावित खतरे से निपटने की तैयारियों को परखना है।



