परिवर्तन टुडे न्यूज
चंदौली। जनपद के चहनियां विकास खंड के ग्रामसभा भलेहटा में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे उनकी वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाएगा।
ग्रामीणों के अनुसार गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क का पूर्व में भी निर्माण कराया गया था, लेकिन सड़क की ऊंचाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण बरसात के दिनों में सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाता था। इससे ग्रामीणों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित होता रहा और स्कूली बच्चों, किसानों तथा राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों से शिकायत करने के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग ने सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया, लेकिन इस बार भी निर्माण कार्य में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। उनका आरोप है कि यदि इसी तरह निर्माण पूरा कर दिया गया तो बरसात में जलभराव की समस्या पहले की तरह बनी रहेगी और सरकारी धन भी व्यर्थ चला जाएगा।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस गंभीर मामले की ओर आकर्षित करते हुए सड़क निर्माण की निष्पक्ष जांच कराने तथा निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों द्वारा समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो उन्हें आंदोलन करने के लिए विवश होना पड़ेगा।



