घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, पॉक्सो, लैंगिक उत्पीड़न समेत विभिन्न मामलों की शिकायतें सुनेंगी आयोग की सदस्य
परिवर्तन टुडे न्यूज
चंदौली। जनपद की पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में 22 जुलाई (बुधवार) को दोपहर 12 बजे से पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, चंदौली में महिला जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा।
जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार ने बताया कि जनसुनवाई में ऐसी महिलाएं एवं बालिकाएं, जो पॉक्सो अधिनियम, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न, लैंगिक असमानता, भूमि विवाद अथवा महिलाओं से जुड़े अन्य किसी भी प्रकार के उत्पीड़न से पीड़ित हैं, वे अपनी शिकायत स्वयं एक सादे प्रार्थना-पत्र के माध्यम से राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव के समक्ष प्रस्तुत कर सकती हैं।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने जनपद की सभी पात्र एवं पीड़ित महिलाओं तथा बालिकाओं से अपील की है कि वे इस जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं से आयोग को अवगत कराएं, ताकि उनकी शिकायतों का प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।



