परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के मनियारपुर (बभनपुरा) गांव में रविवार की रात दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। इनवर्टर की बैटरी में पानी डालते समय युवक करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकलडीहा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
बैटरी का कनेक्शन निकालते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान दीपक तिवारी (28) पुत्र राकेश तिवारी, निवासी मनियारपुर (बभनपुरा) कोतवाली सकलडीहा के रूप में हुई है। बताया गया कि दीपक पुणे में रहकर नौकरी करते थे और कुछ समय पूर्व छुट्टी लेकर घर आए थे। रविवार की रात वह घर में इनवर्टर की बैटरी में पानी डाल रहे थे। इसी दौरान बैटरी का कनेक्शन निकालते समय वह अचानक करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसा होते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकलडीहा लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिता के इकलौते पुत्र थे दीपक
दीपक तिवारी अपने पिता राकेश तिवारी के इकलौते पुत्र थे। उनकी अभी शादी भी नहीं हुई थी। अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और गांव में कोहराम मचा हुआ है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा शव
सकलडीहा थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।


