परिवर्तन टूडे न्यूज, चंदौली
Story By- राहुल गिरी
धानापुर। विकासखंड धानापुर के अमरवीर इंटर कॉलेज स्थित खेल मैदान में सोमवार को एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय परिषदीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न संकुलों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए निदिलपुर संकुल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि खड़ान संकुल उपविजेता रहा। वहीं विशेष प्रदर्शन में कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय कमालपुर तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम में यूपीएस पगही ने प्रथम स्थान हासिल किया।
विधिवत शुभारंभ के साथ शुरू हुई प्रतियोगिता
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सैयदराजा विधायक के पुत्र हर्ष सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। विधायक की व्यस्तता के चलते उनके पुत्र ने कार्यक्रम में सहभागिता की। खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी सिंह ने क्लैपर बजाकर दौड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया। इस दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी सिंह ने की, जबकि संचालन डॉ. ईश्वर चंद्र त्रिपाठी ने किया।
दौड़ और कबड्डी में बच्चों ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिता के दौरान 50, 100, 200 एवं 400 मीटर दौड़ के साथ कबड्डी, लंबी कूद और ऊंची कूद सहित विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। मैदान में नन्हे खिलाड़ियों की तेज रफ्तार और कबड्डी के रोमांचक मुकाबलों में दिखे दमखम ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों के शानदार प्रदर्शन पर पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। शिक्षकों, अनुदेशकों एवं अभिभावकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
खेलों से विकसित होती है अनुशासन और टीम भावना
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी सिंह ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। ग्रामीण अंचल में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता को सफल बनाने में विकासखंड के सभी संकुलों के शिक्षकों एवं अनुदेशकों ने पूरी तत्परता से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। सभी के सामूहिक सहयोग से आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। समापन समारोह में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बड़ी संख्या में शिक्षक एवं अनुदेशक रहे उपस्थित
इस अवसर पर इम्तियाज खान, प्रदीप सिंह, इमरान खान, मंगल देव शर्मा, दिलीप भारती, जेपी सिंह, शमशेर सिंह, विजय बहादुर सिंह, अभिषेक, राजेंद्र यादव, प्रदीप शर्मा, शिवेंद्र मिश्रा, ज्ञान प्रकाश सिंह, दुर्गेश पाठक, अवधेश सिंह, बृजेश सिंह, अशोक पाल, अरविंद सिंह, शिवम पांडेय, रेखा यादव, पूजा सिंह, बिनु यादव, सुजीत पांडेय, मनीष सिंह एवं नत्थू यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और अनुदेशक उपस्थित रहे।



