86 में से 82 शिकायतकर्ताओं ने जताई संतुष्टि, जिलाधिकारी ने कहा— अन्य विभाग भी लें सकलडीहा से प्रेरणा
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सकलडीहा विकास खंड के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) बजरंगी पांडेय को जिलाधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया।
जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा में सकलडीहा एडीओ पंचायत कार्यालय का प्रदर्शन जनपद में सबसे बेहतर पाया गया।
शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि बनी सफलता का आधार
समीक्षा के दौरान बताया गया कि सकलडीहा एडीओ पंचायत कार्यालय को प्राप्त 86 शिकायतों में से 82 शिकायतकर्ताओं ने निस्तारण पर संतुष्टि व्यक्त की, जो जनपद में सर्वाधिक रहा। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सकलडीहा ब्लॉक का प्रदर्शन अन्य विभागों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
आईजीआरएस में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसकी नियमित निगरानी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय से की जा रही है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करें।



