जिलाधिकारी ने अधिकारियों संग लिया व्यवस्थाओं का जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर दिए कड़े निर्देश
परिवर्तन टुडे न्यूज
चंदौली। पड़ाव स्थित अवधूत भगवान राम आश्रम में गुरु पूर्णिमा पर्व को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। तीन दिवसीय आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की कवायद तेज कर दी है। शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर सहित वाराणसी के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आश्रम परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आश्रम परिसर से मुख्य मार्ग तक व्यवस्थाओं को दिया जा रहा अंतिम रूप
निरीक्षण के दौरान सड़क से लेकर आश्रम के मुख्य द्वार तक श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्ग को देखा गया। मार्ग की मरम्मत के साथ ही सड़क किनारे पेड़ों की कटाई-छंटाई का कार्य कराया जा रहा है। आश्रम परिसर में साफ-सफाई, रंग-रोगन सहित अन्य तैयारियां भी तेजी से चल रही हैं। जिलाधिकारी ने सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने पर विशेष जोर दिया।
भीड़ को देखते हुए पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन
गुरु पूर्णिमा पर्व पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए अधिकारियों ने पार्किंग स्थलों की व्यवस्था और सुरक्षा बलों की तैनाती को लेकर विस्तार से चर्चा की। जिलाधिकारी ने आश्रम प्रबंधन से श्रद्धालुओं की संभावित संख्या, उनके आवागमन और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
समय सीमा में पूरा हो हर इंतजाम
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर सहित वाराणसी एवं चंदौली के संबंधित अधिकारी और आश्रम प्रबंधन के लोग मौजूद रहे।



