परिवर्तन टुडे चन्दौली
सकलडीहा। क्षेत्र के धरहरा गांव निवासी अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी अभय सिंह को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पांच लाख रुपये का चेक प्रदान किया। यह सम्मान और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम लखनऊ में आयोजित किया गया था। अभय को यह पुरस्कार वर्ष 2024 वाटर स्पोर्ट कैनोइंग वर्ल्ड कप में विजेता होने के लिए मिला है।
यह वर्ल्ड कप चीन के इचान शहर में आयोजित हुआ था। अभय की इस उपलब्धि पर उनके गांव सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। पुरस्कार वितरण समारोह में खेल मंत्री सहित कई वरिष्ठ गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। धरहरा गांव के सुभाष चंद्र सिंह के दो पुत्र हैं, अमित सिंह और अभय सिंह। अमित सिंह एथलेटिक्स में राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके हैं। पुरस्कार विजेता अभय सिंह ने बताया कि उन्हें खेल के क्षेत्र में आने की प्रेरणा अपने बड़े भाई से मिली।
अभय सिंह ने अब तक नेशनल चैंपियनशिप और नेशनल गेम्स में कुल 40 पदक जीते हैं। उन्होंने बताया कि वह वर्ष 2011 से लगातार विभिन्न पदक और पुरस्कार जीत रहे हैं। वर्ष 2011 में थाईलैंड के पटाया शहर में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में उन्होंने 3 रजत और 1 कांस्य पदक हासिल किए थे। वर्ष 2012 में उन्हें तत्कालीन मध्य प्रदेश सरकार द्वारा विक्रम अवार्ड से सम्मानित किया गया था। इसके अतिरिक्त, उन्हें वाराणसी में पद्म श्री स्पोर्ट सेंचुरी अवार्ड भी मिल चुका है। अभय की पत्नी डॉ. निहारिका सिंह वाराणसी के ट्रामा सेंटर में फिजिशियन हैं। अभय सिंह ने क्षेत्र के युवाओं से मेहनत से लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई कार्य नहीं जिसे किया नहीं जा सकता; कठिन मेहनत, निष्ठा और ईमानदारी से सब कुछ संभव है। वर्तमान समय में वह अपने परिवार के साथ वाराणसी में निवास करते हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर ग्राम प्रधान श्वेता सिंह और भाजपा नेता व प्रधान प्रतिनिधि अमित सिंह ने भी हर्ष व्यक्त किया है। इन लोगों ने क्षेत्र के युवाओं से अभय सिंह से प्रेरणा लेकर अपनी मंजिल हासिल करने का आह्वान किया है।





