परिवर्तन टुडे न्यूज
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के महेवा गौरी माइनर नहर के पास मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल मृतक की पत्नी, उसके कथित प्रेमी और एक अन्य युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह वारदात प्रेम-प्रसंग में बाधक बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल, रक्तरंजित कपड़े, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि 25 जून को महेवा गौरी माइनर की पुलिया के नीचे एक युवक का गला रेता हुआ शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बाद में शव की पहचान मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के महादेवपुर निवासी करीब 40 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी उर्मिला देवी का लखमीपुर निवासी जितेन्द्र शर्मा उर्फ राहुल से कथित प्रेम संबंध था। राजेश कुमार इसका विरोध करता था, जिसके चलते हत्या की साजिश रची गई।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन उर्मिला देवी ने अपने पति को जमीन दिखाने के बहाने घर से बुलाया। इसके बाद जितेन्द्र शर्मा और उसके साथी विनोद पाल ने मिलकर राजेश को अपने साथ लिया। रास्ते में उसे शराब पिलाई गई और महेवा नहर के पास पहुंचने पर नशे की हालत का फायदा उठाकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद शव को नहर में फेंककर आरोपी फरार हो गए। पुलिस टीम ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर रेवसा अंडरपास के पास घेराबंदी कर जितेन्द्र शर्मा उर्फ राहुल और विनोद पाल को गिरफ्तार कर लिया। बाद में मृतक की पत्नी उर्मिला देवी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने घटना से जुड़ी जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ल के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही।


