परिवर्तन टुडे चन्दौली
सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के बथावर गांव स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के पास शनिवार की शाम एक टेंपो दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिससे उसमें सवार एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए घायलों को आनन-फानन में सकलडीहा सीएचसी लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल उन्हें जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया वहीं घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।
दरअसल मुगलसराय की ओर से एक टेंपो सवारियों को लेकर आ रहा था। जैसे ही वह बथावर गांव के पास पहुंचा कि उसका अगला पहिया टूटकर निकल गया और टेंपो सड़क पर घिसटकर कुछ दूर गया। इससे उसमें सवार दुर्गापुर गांव के मोहित खरवार की पत्नी पूजा खरवार (26) वर्ष उनकी पुत्री प्रगति खरवार (7) वर्ष और पुत्र बिट्टू (3) वर्ष के साथ ही पपौरा गांव निवासी टेंपो चालक अरविंद जायसवाल (39) पुत्र गौरी शंकर घायल हो गए।
सूचना पर तत्काल कस्बा प्रभारी वरुणेंद्र राय पहुंचे और घायलों को सीएचसी पर पहुचाया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति देख चारों को चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। घटना को लेकर घायलों के परिजनों में कोहराम मचा रहा।













