अंशु यादव और सुरभि जायसवाल ने हासिल की सफलता, सहायक प्रोफेसर बनने की शैक्षणिक योग्यता भी पूरी
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। सकलडीहा पीजी कॉलेज के राजनीति शास्त्र विभाग की द्वितीय वर्ष की छात्राओं अंशु यादव एवं सुरभि जायसवाल ने यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर महाविद्यालय एवं विभाग का नाम गौरवान्वित किया है। दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। यूजीसी नेट की योग्यता हासिल करने के साथ ही दोनों छात्राओं ने सहायक प्रोफेसर पद के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता भी प्राप्त कर ली है।


मेहनत और लगन का परिणाम है सफलता
छात्राओं की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता दोनों छात्राओं की मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन का परिणाम है। उन्होंने राजनीति शास्त्र विभाग के शिक्षकों को भी बधाई देते हुए कहा कि छात्राओं की यह उपलब्धि महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
प्रतिभा और परिश्रम का मिला परिणाम
राजनीति शास्त्र विभाग के प्रभारी प्रोफेसर शमीम राईन ने अंशु यादव एवं सुरभि जायसवाल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यूजीसी नेट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना छात्राओं की प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम को दर्शाता है। उन्होंने विभाग के अन्य विद्यार्थियों से भी दोनों छात्राओं की सफलता से प्रेरणा लेकर उच्च शैक्षणिक लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
राजनीति शास्त्र विभाग के प्राध्यापक डॉ. पवन कुमार ओझा एवं डॉ. अनिल तिवारी ने भी दोनों छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
महाविद्यालय में खुशी का माहौल
दोनों छात्राओं की सफलता से महाविद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है। महाविद्यालय परिवार ने अंशु यादव एवं सुरभि जायसवाल के उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना करते हुए उनके आगामी शैक्षणिक जीवन में निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दीं।


