परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के इटवा गांव में चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक घर से लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। चोरी के दौरान घर में सो रहे 17 वर्षीय बीमार किशोर की नींद खुल गई तो चोरों ने उसे भी नहीं बख्शा। आरोप है कि चोरों ने किशोर के मुंह पर स्प्रे छिड़कने के बाद उसके सिर और पीठ पर वार कर दिया। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
छत के रास्ते घर में दाखिल हुए चोर
जानकारी के अनुसार इटवा गांव निवासी मुन्ना प्रजापति के घर में गुरुवार की रात चोर छत के रास्ते दाखिल हुए। इसके बाद घर में रखे कीमती आभूषणों और नकदी को खंगालना शुरू कर दिया। चोर करीब दो से तीन लाख रुपये मूल्य के आभूषण और 12 हजार रुपये नकद समेटकर फरार हो गए।
विरोध करने पर किशोर के साथ मारपीट
वारदात के दौरान घर में 17 वर्षीय बीमार किशोर सो रहा था। इसी बीच आहट होने पर उसकी नींद खुल गई और उसने चोरों का विरोध करने का प्रयास किया। आरोप है कि चोरों ने पहले उसके मुंह पर स्प्रे छिड़क दिया। इसके बावजूद किशोर ने विरोध किया तो उसके सिर और पीठ पर वार कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद चोर छत के रास्ते फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच, ग्रामीणों में आक्रोश
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित मुन्ना प्रजापति और राजकुमार प्रजापति ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना में शामिल आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।



