परिवर्तन टुडे डेस्क
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के अमरीपुर गांव में मंगलवार की सुबह 30वर्षीय युवक आनन्द कुमार पाण्डेय अचेतावस्था में पुलिया के नीचे नाली में पड़ा मिला। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनो ने बताया कि आनन्द कुमार पाण्डेय सोमवार की शाम से ही घर से लापता थे। परिजन रात भर उनकी तलाश करते रहे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार की सुबह जब ग्रामीण काली माता मंदिर के पास से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने पुलिया के नीचे छोटी नाली के पास एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा और हो-हल्ला करने लगे। जिस पर परजिनां ने जाकर पहचान किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बलुआ थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और युवक को नाली से बाहर निकलवाया। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं। पुलिस ने आनन-फानन में अपनी गाड़ी से उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद आनन्द को मृत घोषित कर दिया।
मृतक आनन्द कुमार पांडेय अमरीपुर गांव के निवासी थे और घर पर रहकर खेती-बाड़ी करते थे। बताया जा रहा है कि उनकी शादी सकलडीहा के फुल्ली गांव में हुई थी, लेकिन उनकी पत्नी पिछले चार वर्षों से मायके में रह रही थी। इस बात को लेकर वह काफी परेशान रहते थे। उनका एक छह वर्षीय पुत्र भी है, जो अपनी मां के साथ रहता है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पिता अजय कुमार, माता विद्या देवी और बड़े भाई अभिषेक का रो-रोकर बुरा हाल है।
वही पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिर्पोट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। वैसे पुलिस जांच में जुटी हुई है।



