परिवर्तन टूडे न्यूज, चंदौली। दीपावली पर्व के मद्देनजर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटखोरों के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर जनपद के विभिन्न कस्बों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए सघन छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को चहनिया और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में विभागीय टीम ने कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
चहनिया में खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने चहनिया कस्बे में मिठाई की एक दुकान पर अचानक छापा मारा। इस दौरान बर्फी और चाट के नमूने एकत्र किए गए। नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया है। इसके साथ ही मिठाई निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया गया। टीम ने प्रतिष्ठान संचालक को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा खाद्य पदार्थों को स्वच्छ वातावरण में तैयार करने की कड़ी हिदायत दी।
गंदगी मिलने पर प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित
वहीं, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में राज्य सचल दल की अंतर्जनपदीय टीम ने सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान कैलाशपुरी स्थित एक मिठाई प्रतिष्ठान की निर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया। जांच में परिसर के भीतर अत्यधिक गंदगी और साफ-सफाई की गंभीर कमी पाई गई। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए जांच दल ने प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) धीरेंद्र प्रताप सिंह ने संबंधित प्रतिष्ठान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके अलावा क्षेत्र की अन्य दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। जहां कमियां मिलीं, वहां संबंधित कारोबारियों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए।
मिलावटखोरों के विरुद्ध होगी कठोर कार्रवाई
सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) धीरेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि दीपावली पर्व के दौरान आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी। जांच के लिए एकत्र किए गए नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह यादव एवं अरविंद कुमार सहित विभागीय टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।



