बिना हेलमेट के किसी दो पहिया वाहन को पेट्रोल ना दे- जिलाधिकारी
परिवर्तन टुडे डेस्क
चंदौली। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा उपायों और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने सड़क सुरक्षा अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने और नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया और कहा कि जितने अवैध कट हो उनको बंद करतें हुवे ऐसी जगहों का चिन्हांकन करे जहां अधिक पैदल चल कर रोड क्रास किया जाता हो वहां पर फुट ब्रिज बनाए जाए ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न होने पाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि चिन्हित हॉट स्पॉट पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो। इन स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय जैसे स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड, स्ट्रीट लाइट आदि लगाए जाएं। हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग एवं यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने शीघ्र ही जनपद के सभी पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर बिना हेलमेट के पेट्रोल ना देने और सीसीसी टीवी के माध्यम से निगरानी करने के शख्त निर्देश दिए गए। उन्होंने स्कूलों में संचालित वाहनों का फिटनेस सहित सुरक्षात्मक सभी बिन्दुओं को पूर्ण करता हो तभी वाहनों का संचालन किया जाए अन्यथा की स्थिति में तत्काल सीज करने की कार्यवाही करने तथा अभियान चलाकर ओवर लोडिंग,गलत दिशा में परिचालन सहित सुरक्षा से संबंधी सभी बिन्दुओं को चालान व सीज करने के शख्त निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभाग मिलकर मरम्मत कार्य तथा सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें। रिंग रोड पर स्ट्रीट लाइट की जानकारी प्राप्त की गई जिसपर कार्यदाई संस्था द्वारा अवगत कराया गया कि रिंग रोड पर पर्याप्त मात्रा में रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करा दी गई है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करें और सड़क सुरक्षा अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें।
बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर,अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार (वि०रा०), मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाई के राय, अधिशाषी अभियंता (pwd) राजेश कुमार, ट्रैफिक पुलिस एवं यातायात तथा एन एच आई के अधिकारी सहित अन्य सभी संबंधित विभाग के अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।





