परिवर्तन टुडे चन्दौली
सकलडीहा। तहसील क्षेत्र में इन दिनों अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी सेंटरों की भरमार देखने को मिल रहा है। रोज नये पैथोलॉजी सेंटर खोले जा रहे है। आरोप है कि ये सेंटर बिना निर्धारित मानकों और आवश्यक लाइसेंस के खुलेआम चल रहे हैं, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है।
सूत्रों के अनुसार, यह पुरा खेल कमीशन के आधार पर संचालित हो रहा है। कमीशन के खेल में मरीजों की सेहत दांव के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है की हास्पिटल और पैथोलॉजी सेंटरों के बीच कथित सांठगांठ के चलते मरीजों को जरूरत से ज्यादा और कई बार गलत जांचें लिखी जा रही हैं। इसके बाद उन्हें खास सेंटरों पर भेजा जाता है, जहां से कमीशन का खेल चलता है।
अवैध रूप से चल रहे इन सेंटरों में न तो प्रशिक्षित स्टाफ है और न ही मानक उपकरण। ऐसे में जांच रिपोर्ट की सटीकता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। गलत रिपोर्ट के आधार पर मरीजों का इलाज भी गलत हो रहा है, जो उनकी जान के लिए खतरा बन सकता है।
क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों ने इस पूरे मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है। प्रशासन से मांग की है कि बिना लाइसेंस चल रहे सभी पैथोलॉजी सेंटरों की जांच हो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक मरीजों की जिंदगी के साथ यह खिलवाड़ चलता रहेगा? क्या स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर मामले में ठोस कार्रवाई करेगा या फिर सब कुछ यूं ही चलता रहेगा?


