परिवर्तन टुडे डेस्क
चंदौली। जनपद के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को दबंगों ने सपा की महिला जिलाध्यक्ष के घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें कुछ लोग महिला नेता के साथ बेरहमी से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में भी तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं।
क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि गुरुवार को पांच लोग अचानक उनके घर में घुस आए। दो युवकों और दो महिलाओं ने उनके बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों से पिटाई की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर लगातार अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए महिला जिलाध्यक्ष की पिटाई करते रहे और वह खुद को बचाने का प्रयास करती रहीं। आस-पास के लोगों ने उन्हें चिकित्सालय पहुंचाया। मारपीट की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।


