मरम्मत नहीं होने पर ब्लॉक मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन का ऐलान
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
Story By- मनोज कुमार मिश्रा
ताराजीवनपुर। क्षेत्र के सहरोई गांव में हैंडपंप खराब होने के कारण पिछले कई दिनों से सामुदायिक शौचालय पर ताला लटका हुआ है। शौचालय बंद रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं हैंडपंप खराब होने के कारण गांव में पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि हैंडपंप खराब होने की सूचना कई बार संबंधित अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। इससे न केवल सामुदायिक शौचालय का उपयोग पूरी तरह बंद हो गया है, बल्कि लोगों को पीने के पानी के लिए भी इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों में इस लापरवाही को लेकर आक्रोश व्याप्त है. उनका कहना है कि यदि एक सप्ताह के भीतर हैंडपंप की मरम्मत कर शौचालय को चालू नहीं कराया गया, तो वे ब्लॉक मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
इस मौके पर ग्राम प्रधान सिंटू गोंड, समाजसेवी राहुल मिश्रा, नामवर मिश्रा, उमेश मिश्रा, अमित मिश्रा, हीरामन प्रजापति, पाखंडू जायसवाल सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।



