परिवर्तन टुडे न्यूज
चंदौली। उत्तर प्रदेश पटवा युवा समाज सेवा समिति के पदाधिकारियों ने रविवार को गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर समाज के सामाजिक उत्थान, संगठन की गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को 26 जुलाई को गोरखपुर में आयोजित होने वाले पटवा उत्थान एवं सम्मान समारोह तथा वैवाहिक परिचय एवं वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
अखिल भारतीय देववंशी पटवा समाज लंबे समय से समाज के उत्थान, संगठन की मजबूती और सामाजिक सम्मान के लिए निरंतर अभियान चला रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय महामंत्री आकाश पटवा के दिशा-निर्देशन में उत्तर प्रदेश पटवा युवा समाज सेवा समिति के अध्यक्ष मनीष पटवा के नेतृत्व में युवा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने समाज की विभिन्न समस्याओं, सामाजिक विकास के प्रयासों तथा 26 जुलाई को गोरखपुर में प्रस्तावित पटवा उत्थान एवं सम्मान समारोह के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। साथ ही कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह भी किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए समाज के हरसंभव सहयोग एवं उत्थान का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री की ओर से कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन दिया गया। इसके साथ ही पटवा समाज के लिए धर्मशाला निर्माण कराए जाने का भी आश्वासन दिया गया, जिससे समाज के लोगों में खुशी का माहौल है।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सरकार के सहयोग से समाज के विकास और संगठन को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर अध्यक्ष मनीष पटवा, राष्ट्रीय महामंत्री आकाश पटवा, विपिन पटवा, गुलाब चंद, अनिल पटवा तथा दुर्गेश बजाज सहित अन्य पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



