सकलडीहा तहसील में आयोजित जिलास्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में 195 प्रार्थना-पत्र प्राप्त, 16 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। जिलाधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के नेतृत्व में शनिवार को सकलडीहा तहसील परिसर में जिलास्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 195 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसमस्याओं का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक विलंब, फाइलों को लंबित रखना अथवा लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि समाधान दिवस में मुख्य रूप से राजस्व, सिंचाई, विद्युत तथा पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत के निस्तारण के लिए शासन द्वारा समय-सीमा निर्धारित की गई है और संबंधित विभागों का दायित्व है कि निर्धारित अवधि के भीतर शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) के माध्यम से सभी शिकायतों की नियमित निगरानी एवं ट्रैकिंग की जाती है। पूर्व की तुलना में शिकायतों के निस्तारण की गति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, फिर भी अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।
धान रोपाई के वर्तमान मौसम का उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों ने सिंचाई, बिजली एवं उर्वरक से संबंधित समस्याएं उठाई हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को किसी भी परिस्थिति में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा समय पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाए, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हो।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी राजेश नायक, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश, उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह, तहसीलदार अनुराग सिंह, क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा, परियोजना निदेशक बी.बी. सिंह, बीडीओ विजय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



