जलभराव और लगातार वर्षा को देखते हुए जिलाधिकारी ने लिया निर्णय, शिक्षकों-कर्मचारियों को विद्यालय पहुंचकर विभागीय कार्य करने के निर्देश
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली। जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा और जगह-जगह जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर 3 सितंबर 2026 को कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालय बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान इन कक्षाओं में पठन-पाठन पूरी तरह स्थगित रहेगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार यह निर्णय जनपद में लगातार हो रही वर्षा तथा अत्यधिक जलभराव को देखते हुए लिया गया है। आदेश का जनपद के सभी संबंधित विद्यालयों में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी प्रकार के विद्यालयों पर लागू होगा आदेश
जारी आदेश के मुताबिक 3 सितंबर को जनपद के सभी परिषदीय, राजकीय, मान्यता प्राप्त और सहायता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएससी तथा अन्य बोर्डों के हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम से संचालित कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में भी शिक्षण कार्य नहीं होगा।
अर्थात भारी बारिश के मद्देनजर कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को एक दिन के लिए विद्यालय नहीं जाना होगा।
विद्यार्थियों को राहत, शिक्षक-कर्मचारी रहेंगे उपस्थित
विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए पठन-पाठन स्थगित रहेगा, लेकिन शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहना होगा। उन्हें विद्यालय पहुंचकर विभागीय कार्यों का संपादन करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी अपार आईडी, डीबीटी, यू-डायस सहित अन्य विभागीय कार्यों को पूरा करेंगे।
आदेश के अनुपालन में लापरवाही न बरतने के निर्देश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में विद्यालय बंद रखने संबंधी आदेश का जनपद में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
लगातार बारिश के बीच विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन के इस निर्णय से कक्षा 1 से 8 तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को राहत मिली है।


