परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर आगामी एक नवंबर को जनपद चंदौली में वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों के क्रम में सोमवार को विकास खंड सदर चंदौली में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पूर्व तैयारी शिविर आयोजित किया गया। अपराह्न एक बजे आयोजित शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव निकिता गौड़ ने की। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता कर शासन की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

विभिन्न योजनाओं की दी गई जानकारी
शिविर में खंड विकास अधिकारी शशिकांत पांडेय, सहायक विकास अधिकारी ग्राम्य विकास धनंजय कुमार सिंह, सदर के प्रभारी चिकित्साधिकारी हीरा लाल, सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण सुरेंद्र कुमार बिंद तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रहलाद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति किया जागरूक
सदर के प्रभारी चिकित्साधिकारी हीरा लाल ने संचारी रोगों के अंतर्गत डेंगू, मलेरिया सहित अन्य बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड सहित स्वास्थ्य विभाग की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया।

दिव्यांगजनों को वितरित की गई सहायक सामग्री
कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव निकिता गौड़ ने शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने आमजन को विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाना चाहिए। शिविर में उपस्थित दिव्यांगजनों को तीन पहिया साइकिल और बैसाखी प्रदान कर लाभान्वित किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को विधिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाना रहा।


