परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत शनिवार को सकलडीहा इंटर कॉलेज में छात्राओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी डॉ. चारू द्विवेदी पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचीं। इस दौरान सकलडीहा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र निषाद भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने छात्राओं को जागरूक करते हुए उन्हें निर्भीक बनने, अपने अधिकारों को पहचानने और किसी भी परिस्थिति में अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश
कार्यक्रम के दौरान डॉ. चारू द्विवेदी ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मसम्मान और सशक्तीकरण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को अपने अधिकारों की जानकारी रखनी चाहिए और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना झिझक संबंधित अधिकारियों से सहायता लेनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं को सजग रहने तथा अपने जीवन में शिक्षा और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।
जागरूकता रैली निकालकर दिया सुरक्षा का संदेश
कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया। इसके माध्यम से छात्राओं को महिला सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता और सशक्तीकरण का संदेश दिया गया। रैली के जरिए छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा समाज में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
छात्राएं किसी भी क्षेत्र में पीछे न रहें: घनश्याम त्रिपाठी
विद्यालय के प्रधानाचार्य घनश्याम त्रिपाठी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लड़कियां अपना भविष्य स्वयं तय करें और जीवन के किसी भी क्षेत्र में छात्रों से पीछे न रहें। उन्होंने शिक्षा को सफलता का आधार बताते हुए छात्राओं से अपने लक्ष्य निर्धारित करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और प्रत्येक चुनौती का डटकर सामना करने का आह्वान किया।
आपातकालीन सहायता नंबरों की दी जानकारी
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के लिए उपयोगी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। उन्हें बताया गया कि किसी भी संकट या असुरक्षित स्थिति में घबराने के बजाय उचित माध्यम से पुलिस की सहायता लेनी चाहिए। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें जागरूक, साहसी और आत्मनिर्भर बनाना रहा।
इस अवसर पर मिथिलेश तिवारी, संजीव यादव, गोपाल तथा संतोष कुमार सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।








