परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। शारदीय नवरात्र के अवसर पर सकलडीहा कस्बे के दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। रविवार को कोतवाली गली स्थित राजशाही मार्केट और टिमिलपुर स्थित आजाद मार्केट में स्थापित मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाओं के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने मां के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
भव्य प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र
सकलडीहा कस्बे की कोतवाली गली स्थित राजशाही मार्केट में दुर्गा पूजा सेवा समिति की ओर से मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। आकर्षक सजावट और हाइड्रोलिक व्यवस्था से सुसज्जित प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। मां के भव्य स्वरूप के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। शनिवार को सप्तमी के अवसर पर विधि-विधान के साथ प्रतिमा की स्थापना की गई थी। यहां प्रतिवर्ष पूजा समिति की ओर से मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाती है।
पूरी रात हुआ प्रसाद वितरण
राजशाही मार्केट दुर्गा पूजा सेवा समिति के पदाधिकारी और सदस्य श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे। समिति की ओर से पूरी रात प्रसाद वितरण किया गया। दर्शन-पूजन के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूजा पंडाल में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही पुलिस
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा और कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र निषाद महिला पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। कस्बा प्रभारी राजेंद्र सिंह सहित उपनिरीक्षक अभिमन्यु राय, गोपाल तिवारी, लक्ष्मीकांत मिश्रा, विजय शंकर और अजय शर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मी तैनात रहे।
पूजा समिति के पदाधिकारी अंबर जायसवाल, आकाश मोदनवाल, सुनील रस्तोगी, राहुल पटवा, अखिलेश पटवा, निरंजन सोनी और दिनेश सहित अन्य सदस्य प्रसाद वितरण एवं श्रद्धालुओं की सेवा में लगे रहे।








