रामलीला और रावण दहन की परंपरा फिर शुरू कराने की पहल, धार्मिक कार्यों में बाधा डालने वालों पर कार्रवाई का भरोसा
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने अपने गृह क्षेत्र सकलडीहा में स्थापित दुर्गा मंदिरों और पूजा पंडालों में पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और युवाओं को सकलडीहा को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने का आश्वासन दिया। साथ ही क्षेत्र में वर्षों से बंद रामलीला और रावण दहन कार्यक्रम को फिर से शुरू कराने के लिए दुर्गा पूजा सेवा समिति के पदाधिकारियों से पहल करने की अपील की। उन्होंने धार्मिक आयोजनों में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने का भरोसा भी दिलाया।

नगर पंचायत बनाने का दिया भरोसा
कैबिनेट मंत्री के अपने गृह क्षेत्र के पूजा पंडालों में पहुंचने की सूचना पर दुर्गा पूजा सेवा समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। मंत्री ने सबसे पहले तेंदुईपुर स्थित काली माता मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद टिमिलपुर स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा की आराधना की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय विकास और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के संबंध में लोगों से बातचीत की।
नगर पंचायत के गठन को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि नगर पंचायत और नगर पालिका के चुनाव की प्रक्रिया होने पर सकलडीहा में भी नगर पंचायत का चुनाव कराने की दिशा में पहल की जाएगी। उनके इस आश्वासन से स्थानीय व्यापारियों और युवाओं में उम्मीद जगी है।
रामलीला और रावण दहन फिर शुरू कराने की अपील
टिमिलपुर स्थित दुर्गा मंदिर में दुर्गा पूजा सेवा समिति के पदाधिकारियों से बातचीत के दौरान मंत्री ने बंद पड़ी रामलीला और रावण दहन की परंपरा को अगले वर्ष से फिर शुरू कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को आगे बढ़ाने के लिए समिति के पदाधिकारियों को हर संभव सहयोग दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने धार्मिक कार्यों में व्यवधान उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा भी दिया।
घाटों के सुंदरीकरण की सराहना, सरोवर की गंदगी पर जताई नाराजगी
मंत्री ने मंदिर परिसर में घाटों के सुंदरीकरण कार्य की सराहना की। वहीं, सरोवर में गंदगी देखकर नाराजगी जताई और साफ-सफाई की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके बाद उन्होंने कोतवाली गली स्थित राजशाही बाजार और आजाद बाजार के दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। तत्पश्चात पदुमनाथपुर और कुचमन स्थित पूजा पंडालों में भी मां दुर्गा की आराधना की।
अंबरीश सिंह भोला ने भी किया दर्शन-पूजन
देर शाम विकास प्राधिकरण के मानक सदस्य अंबरीश सिंह भोला भी सकलडीहा कस्बे में पहुंचे और पूजा पंडालों में दर्शन-पूजन किया।
इस अवसर पर राज्य पिछड़ा आयोग के सदस्य शिव मंगल बियार, डॉ. अभय वर्मा, पवन वर्मा, नंदन सोनी, सुनील रस्तोगी, आकाश मोदनवाल, अक्षय राजभर, रतेन्द्र राजभर, मनोज शर्मा, मोनू चौधरी, अभिषेक राय, गुड्डू राजभर, आर्यन राजभर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।








