परिवर्तन टूडे न्यूज, चंदौली। बंगाल की खाड़ी में बने प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘अर्णव’ के प्रभाव से जनपद चंदौली में 28 अक्टूबर से मौसम प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, तेज हवाओं के साथ व्यापक वर्षा होने की संभावना है। इसे देखते हुए जनपद के नागरिकों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई है।

खराब मौसम में अनावश्यक बाहर निकलने से बचें
प्रेस नोट के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 से प्रदेश में तेज हवाओं के साथ व्यापक वर्षा की संभावना है। 28 से 30 अक्टूबर के दौरान प्रदेश के पूर्वी एवं मध्यवर्ती भागों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। मौसम के इस बदलाव का असर चंदौली जनपद पर भी पड़ने की आशंका जताई गई है।
आकाशीय बिजली और तेज हवाओं से रहें सावधान
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों तथा बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचें। बिजली चमकने के समय सुरक्षित पक्के भवन में आश्रय लें और कमजोर पेड़ों तथा जर्जर संरचनाओं से दूरी बनाए रखें।
किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह
प्राधिकरण ने किसानों से मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी फसलों और कृषि कार्यों के संबंध में आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है। तेज हवाओं और वर्षा के दौरान खेतों में काम करने से बचें तथा मौसम की जानकारी लेते रहें।
आपात स्थिति में प्रशासन को दें सूचना
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नागरिकों से मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी निर्देशों को गंभीरता से लें।



