परिवर्तन टूडे न्यूज, चंदौली। जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को जनपद के प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में पठन-पाठन का कार्य स्थगित रहेगा। इस दौरान विद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।

सभी बोर्डों के विद्यालयों पर लागू होगा आदेश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार और जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से आदेश की जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार यह निर्णय लिया गया है। आदेश जनपद के समस्त परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ ही केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई), भारतीय माध्यमिक शिक्षा प्रमाणपत्र (आईसीएसई) तथा अन्य सभी बोर्डों से संबद्ध शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा।
विद्यालय पहुंचकर शासकीय कार्य निपटाएंगे शिक्षक
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पठन-पाठन स्थगित रहने के बावजूद विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी अपने-अपने विद्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। सभी कर्मचारी निर्धारित शासकीय कार्यों का निस्तारण करेंगे।
आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागीय अधिकारियों और सभी शिक्षण संस्थानों को जारी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है। लगातार हो रही बारिश के बीच विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।



