परिवर्तन टूडे न्यूज, चंदौली
सकलडीहा। दो दिनों से लगातार हो रही बारिश और तेज हवा के चलते क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है। अचानक बदले मौसम ने जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं खेतों में फसल गिरने से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है।
बारिश ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
मौसम विभाग की ओर से चक्रवाती तूफान के प्रभाव को देखते हुए तेज हवा, आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई थी। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर विभिन्न विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए थे। गुरुवार को सुबह आठ बजे के बाद शुरू हुई बारिश दिनभर जारी रही। इसके चलते मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ा।
बारिश के कारण सकलडीहा कस्बा सहित आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित रहा। राहगीर सड़क किनारे दुकानों और सुरक्षित स्थानों पर खड़े होकर बारिश थमने का इंतजार करते नजर आए। तहसील परिसर में भी बारिश के चलते वादकारियों और अधिवक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी।
खेतों में फसल गिरने से किसान चिंतित
लगातार बारिश के साथ तेज हवा चलने से क्षेत्र के कई गांवों में किसानों की खड़ी फसल खेतों में गिर गई है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों को आशंका है कि यदि मौसम का यही रुख बना रहा तो फसलों को और नुकसान हो सकता है। अचानक बदले मौसम ने किसानों की मेहनत और उनकी उपज को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
प्रशासन ने मांगी फसल क्षति की जानकारी
किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए तहसील प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस संबंध में तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह ने बताया कि बारिश और तेज हवा के कारण क्षेत्र में किसी प्रकार की जनहानि या अन्य जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि, फसलों को हुए नुकसान के संबंध में जानकारी मांगी गई है, ताकि वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।



