प्रमाण पत्र, आवास की चाबी, चेक, आयुष्मान कार्ड, ट्राईसाइकिल और कान की मशीन सहित विभिन्न सुविधाओं का हुआ वितरण
परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। महेन्द्र टेक्निकल इंटर कॉलेज परिसर में रविवार को मेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रभारी जनपद एवं सत्र न्यायाधीश रामबाबू यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में लाभार्थियों और आमजन की उपस्थिति रही।

234 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा चिह्नित लगभग 234 लाभार्थियों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया। इस दौरान पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, आवास की चाबी, चेक, आयुष्मान कार्ड, पोषण पोटली, ट्राईसाइकिल, कान की मशीन और जॉब कार्ड सहित विभिन्न सुविधाओं का वितरण किया गया। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को उनका लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया।
विधिक अधिकारों और निःशुल्क सहायता की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों का मन मोह लिया। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मध्यस्थ अधिवक्ता अशोक कुमार पाण्डेय ने उपस्थित लोगों को परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 (चेक बाउंस) से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम की ओर से अमरनाथ यादव ने इस व्यवस्था के गठन के उद्देश्य और इसके माध्यम से जरूरतमंद लोगों को मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में विस्तार से बताया। पैनल अधिवक्ता महेन्द्र प्रताप सिंह ने नालसा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय किरण पाल सिंह, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण रश्मि नन्दा, विशेष न्यायाधीश पॉक्सो अधिनियम एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत विकास वर्मा, अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश सत्यजीत पाठक, परितोष श्रेष्ठ, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रभाष त्रिपाठी, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) इशरत परवीन फारूकी, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अरुण कुमार गुप्ता, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) नवनीत कुमार, न्यायिक मजिस्ट्रेट एकता सिंह, विजय रतन गौतम, यज्ञेश कुमार सोनकर, शिवानी और ईशा राय उपस्थित रहीं।
इसके अलावा अपर जिलाधिकारी रतन वर्मा, पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी पारितोष मिश्रा, सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह तथा डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, अधिवक्ता, न्यायालय कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
शिविर के आयोजन का उद्देश्य पात्र लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें विधिक अधिकारों और निःशुल्क कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करना रहा। उक्त जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव निकिता गौड़ ने दी।



