परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। विकास खंड क्षेत्र के बथावर गांव के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अर्जुन मौर्य का टेलीग्राम खाता किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हैक किए जाने का मामला सामने आया है। खाते के माध्यम से लोगों के मोबाइल पर संदेश भेजे जा रहे हैं। इसकी जानकारी होने पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने सकलडीहा कोतवाली पहुंचकर पुलिस को सूचना दी है।
लोगों से की सावधान रहने की अपील
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अर्जुन मौर्य ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि उनके टेलीग्राम खाते से किसी भी प्रकार का संदेश नहीं भेजा जा रहा है। यदि उनके नाम या खाते से कोई संदेश प्राप्त होता है तो उस पर भरोसा न करें और न ही किसी तरह का जवाब दें।
पुलिस को दी सूचना
उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए सकलडीहा कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही लोगों से अपील की है कि उनके नाम से आने वाले किसी भी संदेश, लिंक या अन्य अनुरोध से सतर्क रहें, ताकि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार न हो सके।





