परिवर्तन टुडे डेस्क
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या अब केवल श्रद्धा का केंद्र नहीं, बल्कि युवाओं का ट्रेंडिंग आध्यात्मिक पर्यटन स्थल बनकर उभरी है। प्रतिष्ठा द्वादशी और नववर्ष पर बड़ी संख्या में युवा श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे, जिससे राम मंदिर परिसर, हनुमानगढ़ी, राम की पैड़ी और सरयू घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।
जयपुर, शिमला और मनाली जैसे पारंपरिक पर्यटन स्थलों को पीछे छोड़ते हुए युवाओं ने इस बार रामलला के दर्शन को प्राथमिकता दी। 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति ने यह संकेत दिया कि नई पीढ़ी अब भक्ति और आधुनिकता को साथ लेकर चल रही है। दर्शनीय स्थलों पर सेल्फी फीवर और सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करने की होड़ भी साफ दिखाई दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों—महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, चौड़ी सड़कों, आधुनिक रेलवे स्टेशन और राम पथ—ने अयोध्या की तस्वीर बदल दी है। प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराए जा रहे हैं।
आस्था, सुविधा और आध्यात्मिक शांति के इस संगम ने अयोध्या को युवाओं की नई यात्रा पहचान दिला दी है।



