spot_img
23.1 C
Varanasi
Sunday, November 22, 2026
spot_img
spot_img

Chandauli news- हवाई हमले की चेतावनी से लेकर बचाव तक का हुआ अभ्यास, दो मिनट तक गूंजा सायरन

spot_img
जरुर पढ़े
रजनी कांत पाण्डेय
रजनी कांत पाण्डेय
मैं रजनीकांत पाण्डेय पिछले कई वर्षो से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ इस दौरान कई राष्ट्रिय हिंदी दैनिक समाचार पत्रों में कार्य करने के उपरान्त ख़बरों के डिजिटल माध्यम को चुना है,मेरा ख़ास उद्देश्य जन सरोकार की खबरों को प्रमुखता से उठाना है एवं न्याय दिलाना है जिसमे आपका सहयोग प्रार्थनीय है.

मुगलसराय में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में हुआ मॉक ड्रिल, ब्लैक आउट कर परखी गई आपदा प्रबंधन की तैयारियां

परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। युद्ध और आपातकालीन परिस्थितियों में हवाई हमलों से बचाव तथा नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को फायर स्टेशन मुगलसराय में ब्लैक आउट एवं हवाई हमले से बचाव का अभ्यास कराया गया। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के नागरिक सुरक्षा एवं गृह रक्षक विभाग नई दिल्ली के निर्देश पर आयोजित इस अभ्यास में जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की मौजूदगी में रविवार शाम छह बजे निर्धारित समय पर मॉक ड्रिल की गई। इस दौरान हवाई हमले की चेतावनी से लेकर बचाव, राहत एवं चिकित्सा सहायता तक की तैयारियों का परीक्षण किया गया।

सायरन बजाकर दी गई हवाई हमले की चेतावनी

अभ्यास के दौरान सबसे पहले हवाई हमले की चेतावनी देने के लिए निर्धारित समय तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया गया। इसके माध्यम से नागरिकों और संबंधित विभागों को संभावित हवाई हमले की सूचना देने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद हवाई हमले की स्थिति दर्शाते हुए निर्धारित समय पर विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई, ताकि चारों ओर अंधेरा रहे और किसी प्रकार का प्रकाश दिखाई न दे।

अंधेरे में सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने का अभ्यास

ब्लैक आउट के दौरान कार्यालयों और घरों में पर्दे लगाकर रोशनी बाहर न जाने देने तथा बिना रोशनी के रहने का अभ्यास कराया गया। नागरिकों को संभावित हमले के समय सुरक्षित स्थानों और आश्रय स्थलों में शरण लेने की प्रक्रिया समझाई गई। इसके साथ ही युद्धकालीन परिस्थितियों में आगजनी, बाढ़, बमबारी, रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु प्रभाव तथा भगदड़ जैसी बहुआपदाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

घायलों को प्राथमिक उपचार देकर भेजा गया अस्पताल

संभावित हवाई हमले का खतरा समाप्त होने पर दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में खतरा समाप्त होने का संकेत देने वाला सायरन बजाया गया। इसके बाद विद्युत व्यवस्था पुनः बहाल की गई। अग्निशमन विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया। इस दौरान घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एम्बुलेंस से अस्पताल भेजने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।

बेहतर प्रदर्शन करने वालों की जिलाधिकारी ने की सराहना

इस अवसर पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने अभ्यास में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। जिलाधिकारी ने कहा कि इसी प्रकार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग समय पर कार्यक्रम निर्धारित कर आमजन को जागरूक किया जाएगा, जिससे प्रत्येक नागरिक आपातकालीन परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहे और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित बचाव कार्य में सहयोग कर सके।

कई विभागों ने निभाई सक्रिय भूमिका

इस अभ्यास में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अग्निशमन विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा विभाग के स्वयंसेवकों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। पूरे आयोजन का उद्देश्य आपदा के समय विभागों के बीच समन्वय, त्वरित कार्रवाई और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की तैयारियों को परखना रहा।

spot_img
रजनी कांत पाण्डेय
रजनी कांत पाण्डेय
मैं रजनीकांत पाण्डेय पिछले कई वर्षो से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ इस दौरान कई राष्ट्रिय हिंदी दैनिक समाचार पत्रों में कार्य करने के उपरान्त ख़बरों के डिजिटल माध्यम को चुना है,मेरा ख़ास उद्देश्य जन सरोकार की खबरों को प्रमुखता से उठाना है एवं न्याय दिलाना है जिसमे आपका सहयोग प्रार्थनीय है.
लेटेस्ट पोस्ट

Chandauli news- सलेमपुर के दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम, 10 हजार की कुश्ती में मृत्युंजय ने मारी बाजी

परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली सकलडीहा। विकास खंड क्षेत्र के सलेमपुर गांव में रविवार को विराट कुश्ती दंगल का आयोजन...

ख़बरें यह भी

error: Content is protected !!
Enable Notifications OK No thanks