परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के शिवदासीपुर गांव में सोमवार की सुबह चोरी की घटना सामने आई, जिससे ग्रामीणों और व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में दुकान के सामने खड़े ट्रैक्टर से बैटरी चोरी कर ली और मौके से फरार हो गए। पीड़ित रामप्रवेश तिवारी ने बताया कि उन्होंने रोज की तरह अपना ट्रैक्टर दुकान के सामने खड़ा किया था। सोमवार सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो ट्रैक्टर की बैटरी गायब मिली। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई।

बेखौफ चोरों से सहमे ग्रामीण, प्रभावी रात्रि गश्त की उठी मांग
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त प्रभावी नहीं होने के कारण चोर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों और व्यापारियों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस की रात्रि गश्त सुदृढ़ होती तो ऐसी घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती थी।
पुलिस को दी गई सूचना, जल्द कार्रवाई की मांग
पीड़ित रामप्रवेश तिवारी ने घटना की सूचना सकलडीहा कोतवाली पुलिस को देते हुए चोरी का शीघ्र खुलासा करने और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने भी पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर चोरी की इस वारदात का खुलासा कब होता है और क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर कब प्रभावी रोक लगती है।



