परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात चार नकाबपोश बदमाशों ने एक व्यापारी को रास्ते में रोककर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बदमाश व्यापारी के पास मौजूद करीब 1.20 लाख रुपये छीनकर रानेपुर की ओर फरार हो गए। सिर में चोट लगने से व्यापारी घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। व्यापारियों ने घटना का शीघ्र पर्दाफाश कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
तगादा कर बाइक से घर लौट रहे थे व्यापारी
बलुआ सराय गांव निवासी रतन बरनवाल चहनिया कस्बे में पतंजलि उत्पादों के थोक व्यापारी हैं। शुक्रवार की रात वह सकलडीहा क्षेत्र में व्यापारियों से बकाया रकम का तगादा करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सराय-रानेपुर मार्ग पर तिराहे से कुछ दूरी पर टेड़की पुलिया के पास चार नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली।
सिर पर हमला कर सड़क पर गिराया
बदमाशों ने रतन बरनवाल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर में चोट लगने के कारण वह सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाशों ने उनके झोले और पर्स में रखे करीब 1.20 लाख रुपये निकाल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों बदमाश रानेपुर की ओर फरार हो गए। व्यापारी के शोर मचाने तक बदमाश अंधेरे का लाभ उठाकर काफी दूर निकल चुके थे।
व्यापारियों में भय और आक्रोश
घटना के बाद घायल व्यापारी तत्काल बलुआ थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए तहरीर दी। व्यापारी के साथ हुई छिनैती की घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापार मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने कहा कि व्यापारियों के साथ आए दिन इस तरह की घटनाएं होने से उनमें भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र घटना का पर्दाफाश कर बदमाशों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
पुलिस ने गठित की टीम
बलुआ थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि व्यापारी के साथ हुई छिनैती की घटना पुलिस के संज्ञान में है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के संभावित मार्गों, संदिग्ध व्यक्तियों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


